रोम/पेरिस/तिराना। यूरोप के कई देशों में महंगाई, बढ़ती ईंधन कीमतों, आवास संकट और सार्वजनिक सेवाओं की बदहाल स्थिति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। अल्बानिया की राजधानी तिराना में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार आठवें दिन भी जारी रहे। इटली में हिंसा और लूटपाट की घटनाओं के बाद सरकार ने सख्त सुरक्षा कानूनों को मंजूरी दी है। वहीं, दक्षिणी इटली में ट्रक चालकों की हड़ताल से सुपरमार्केट और पेट्रोल पंपों पर सामान की किल्लत होने लगी है। फ्रांस के कई शहरों में सप्ताहांत की हिंसा के बाद कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है।अल्बानिया की राजधानी तिराना में मंगलवार को पुलिस ने सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन लगातार आठवें दिन भी हिंसक बना रहा।





