नई दिल्ली, एजेंसी। पहाड़ों की रानी मसूरी में चटख धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया है। साफ आसमान के साथ दूर-दूर तक फैली हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां चमकती नजर आ रही हैं। अक्तूबर-नवंबर का महीना पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता निहारने के लिए खास माना जाता है।शहर के विभिन्न पर्यटक स्थलों से हिमालय की विहंगम चोटियों का मनमोहक दृश्य देखने को मिल रहा है। साफ मौसम में बर्फ से ढकी पर्वत शृंखलाएं दूर से ही चमकती दिखाई देती हैं। पर्यटक दूरबीन के साथ इन प्राकृतिक नजारों को देख रहे हैं और अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। पहाड़ों की ठंडी हवा और गुनगुनी धूप का अनूठा संगम पर्यटकों के लिए खास अनुभव बन रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास होने के बावजूद दिन में खिलने वाली धूप लोगों को राहत देती है।





