देहरादून। उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन से 1.01 लाख करोड़ के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। 24 हजार करोड़ निवेश की अगली ग्राउंडिंग की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही निवेश ग्राउंडिंग समारोह आयोजित किया जाएगा।सचिव ने कहा, सोशल मीडिया पर निवेशक सम्मेलन को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। राज्य में निवेश से संबंधित सभी आंकड़े सार्वजनिक हैं और प्रत्येक परियोजना का विवरण संबंधित सरकारी वेबसाइटों पर उपलब्ध है। सरकार ने निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर काम किया है, जिसके परिणामस्वरूप अब तक 1.01 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं।





