नई दिल्ली, एजेंसी। दिवंगत नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बेटे एनसीपी एमएलसी जीशान जियाउद्दीन सिद्दीकी ने टाइगर पर गोलीबारी मामले पर कहा, ‘चाहे वह बिश्नोई गैंग हो या कोई और, जिसमें अनमोल बिश्नोई भी शामिल है। हमने हर मुमकिन कोशिश की है। मैंने और मेरे परिवार ने US सरकार से अनमोल बिश्नोई को भारत वापस लाने में मदद करने की अपील की है। इसके बावजूद, मुंबई पुलिस को उससे पूछताछ करने का मौका भी नहीं मिला है। जहां तक लॉरेंस बिश्नोई की बात है, मेरा मानना है कि वह अभी गुजरात की जेल में है। हम उससे भी पूछताछ की पूरी तरह से वकालत करते हैं। अगर ऐसे दावे हैं कि वह मेरे पिता की हत्या में शामिल था, तो यह पता लगाना बहुत जरूरी है कि मास्टरमाइंड कौन था’ जीशान जियाउद्दीन सिद्दीकी ने आगे कहा है, ‘अगर मुंबई में एक्टर, नेता और बिजनेसमैन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित हो सकती है? मुझे पिछले दो महीनों में चार धमकियां मिली हैं। फिर भी मेरी सिक्योरिटी नहीं बढ़ाई गई है। क्या सरकार सिक्योरिटी बढ़ाने पर विचार करने से पहले जीशान सिद्दीकी को गोली लगने का इंतजार कर रही है? यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को सबसे सख्त कदम उठाने चाहिए’।





