नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में शाम करीब 4:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ से बातचीत करेंगे। इस दौरान वह एशियाई खेलों में भारतीय दल के प्रदर्शन की सराहना करने के साथ सभा को संबोधित भी करेंगे। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारत ने कुल 85 पदक जीते और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक अपने नाम किए। हालांकि, भारत इस बार पिछले एशियाड के अपने रिकॉर्ड प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रहा। वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में हुए एशियाई खेलों में भारतीय दल ने 107 पदक जीते थे।





