नई दिल्ली, एजेंसी। स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक के इस्तेमाल को लेकर किए गए एक दावे को खारिज कर दिया है। एलन मस्क ने कहा कि भारत के ऊपर स्टारलिंक के उपग्रह संकेत बंद हैं। ऐसे में यह दावा बिल्कुल गलत है कि भारत में किसी ने किसी भी वजह से स्टारलिंक का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह बात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जवाब में कही। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब उनकी कंपनी भारत में स्टारलिंक की व्यावसायिक उपग्रह इंटरनेट सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है।दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया था कि सुरक्षा बलों ने म्यांमार सीमा के पास मणिपुर में सक्रिय उग्रवादी समूहों से स्टारलिंक के उपकरण बरामद किए हैं। इसके बाद डोजडिजाइनर नाम के खाते ने इस दावे पर सवाल उठाया। उसका कहना था कि जब भारत के ऊपर स्टारलिंक के उपग्रह संकेत ही बंद हैं, तो देश में स्टारलिंक का कोई उपकरण जुड़ नहीं सकता। मस्क ने भी इसी बात का समर्थन करते हुए इस दावे को गलत बताया।





