नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस ने 8 अक्तूबर को भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘काला दिवस’ घोषित किया है। पार्टी ने कहा है कि इस मौके पर देशभर में राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। कांग्रेस का यह फैसला उसके नेताओं और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में आया है।कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। पार्टी ने अपने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के संगठनों से 8 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन आयोजित करने को कहा है।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्वक जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें रोक दिया गया। पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य सांसदों के साथ कथित तौर पर बलपूर्वक व्यवहार किया गया और लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस ने इसे गंभीर घटना बताते हुए कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार संविधान पर हमला है।





