नई दिल्ली, एजेंसी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि दुनिया इस समय बदलाव और उथल पुथल के दौर में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा, ”संघर्षों और टैरिफ में अस्थिरता के कारण वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं। ऐसे में इन मुश्किल परिस्थितियों से निपटना मौजूदा समय की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जयशंकर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारत इन चुनौतियों का सामना करने में सफल रहेगा। वह दिल्ली में आयोजित पांचवें कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन के समापन सत्र में संवाद के दौरान बोल रहे थे। इस वर्ष सम्मेलन की मुख्य विषयवस्तु अस्थिरता के दौर में मजबूती रही। समापन सत्र में जयशंकर के साथ सिंगापुर के पूर्व विदेश मंत्री जॉर्ज योंग बून येओ भी मौजूद थे।





