मुंबई। मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में 2 अक्तूबर को हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर आयोजकों और 400-500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामला अवैध रूप से भीड़ जुटाने, सरकारी अधिकारी के वैध आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने समेत अन्य धाराओं में दर्ज किया गया है। शिवाजी पार्क थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके के एक निवासी की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।सीजेपी ने अपने संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में शुक्रवार को शिवाजी पार्क में बड़ा प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। संगठन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। इस प्रदर्शन को शिवसेना (यूबीटी) का भी समर्थन मिला था।





