आईआईटी बॉम्बे छात्र आत्महत्या केस: प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से 8 घंटे पूछताछ

नई दिल्ली, एजेंसी। आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का बयान दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच ने आईआईटी पवई कैंपस में उनसे करीब 8 से 10 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान प्रोफेसर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, प्रोफेसर डूला ने कहा कि उन्होंने संस्थान के तय दिशा-निर्देशों का पालन किया था। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए जातिसूचक टिप्पणी करने और छात्र को प्रताड़ित करने के आरोपों से भी इनकार किया है। साहिल वाकोडे आईआईटी बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र थे। वह 18 सितंबर की शाम पवई कैंपस स्थित हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके मिले थे। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर सामने आई जानकारी के कुछ घंटे बाद हुई थी। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, साहिल ने परीक्षा का प्रश्नपत्र एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में संस्थान ने मामले को लेकर विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया था।


Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *