हल्द्वानी । गर्मियों की शुरुआत के साथ ही हल्द्वानी में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। तमाम इलाकों में लोग समस्या झेल रहे हैं। प्रभावितों ने शनिवार जल संस्थान और पेयजल निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया।पानी की दिक्कत बताते हुए अधिकारियों के साथ बहस भी हुई। एफटीआइ परिसर स्थित जल निगम विश्व बैंक इकाई के कार्यालय में तल्ली हल्द्वानी के लोगों ने कर्मचारियों को बंधक बनाते हुए गेट पर ताला जड़ दिया। पार्षद मनोज जोशी की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। गुस्साए लोगों को मनाने के लिए निगम के जेई और एई भी जमीन पर बैठ गए।
पार्षद मनोज जोशी ने बताया कि उनके क्षेत्र में एक सप्ताह से पेयजल की समस्या बनी हुई है। रोजाना मात्र 20 मिनट ही सप्लाई हो रही है और पानी में प्रेशर भी नहीं है। इसलिए लोगों को टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। अधिकारियों को समस्या बताने पर अनदेखी की जा रही थी। ऐसे में प्रदर्शन करते हुए कार्यालय के गेट को बंद कर दिया।
जल संस्थान ने जबरन पानी की पाइप लाइन पर वाल्व लगा दिया। जिस वजह से क्षेत्र में समस्या उत्पन्न हो गई। हालांकि, अधिकारियों ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। अगर आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। यहां शंकर लाल, खष्टी भट्ट, ममता बिष्ट, सरिता, पुष्पा, नीमा चिलवाल, जानकी मौर्य आदि रहे।भीम आर्मी से जुड़े लोगों ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्या को लेकर ऊर्जा निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष नफीस अहमद खान ने बताया कि बिजली के नए मीटर लगाए जाने के बाद दो से चार गुना तक ज्यादा बिल आ रहे हैं। सीमित उपयोग होने के बावजूद अधिक बिल आना लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है।साथ ही नए मीटरों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जिनके बिल 200 से 300 रुपये प्रतिमाह आते थे उन्हें 1000 रुपये जक बिल भेजे जा रहे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए समस्या का समाधान कराने की मांग की है। यहां सिराज अहमद, शाइन सिद्दीकी, दीपक चनियाल, जमील अहमद, जीवन आर्य, महेश आर्य आदि रहे।





