नई टिहरी। थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र में ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बगड़धार भूस्खलन जोन में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।ऋषिकेश से नई टिहरी की ओर जा रही एक कार अचानक पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी बोल्डरों की चपेट में आ गई। घटना में कार सवार दंपती बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।जानकारी के अनुसार, नई टिहरी के ई-ब्लॉक निवासी महेश सिंह अपनी पत्नी सरस्वती पंवार के साथ अल्टो कार से ऋषिकेश से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही उनकी कार बगड़धार क्षेत्र में पहुंची, तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने लगा। इससे चालक को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वाहन मलबे की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही क्षणों में सड़क पर पत्थरों का ढेर लग गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।अन्य वाहन चालक भी तत्काल अपने-अपने वाहन रोककर सुरक्षित स्थान की ओर हट गए। घटना के दौरान दंपती किसी तरह कार के भीतर ही सुरक्षित रहे और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद यातायात को फिर से सुचारू किया जा सका।





