चमोली। चमोली में बदरीनाथ हाईवे गोविदंघाट पिनोला के पास और ज्योतिर्मठ नीति मलारी हाईवे सलधार के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने के चलते शनिवार तड़के अवरुद्ध हो गया।
इस दौरान सेना और सीमांत क्षेत्र के लोगों की आवाजाही भी घंटों तक ठप रही। वहीं, बदरीनाथ हाइवे करीब आठ घंटे तक बाधित रहा। गनीमत रही कि इस दौरान हाइवे पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही थी।
बदरीनाथ हाईवे रहा बंद, लोग घंटों फंसे
बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध होने के चलते गोविंदघाट, पांडुकेश्वर, लामबगड़ सहित आस पास क्षेत्र से ज्योतिर्मठ जा रहे व ज्योतिर्मठ से क्षेत्र में लौट रहे लोगों को घंटों हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।छोटे वाहनों के लिए लगभग 11 बजे आवाजाही सुचारु की गई, जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही 12 बजे बाद सुचारु हो पाई है।ज्योतिर्मठ नीति मलारी हाइवे पर सलधार पास भी तड़के पहाड़ी से भारी मात्रा में भूस्खलन व बोल्डर आने हाइवे अवरुद्ध हुआ। जिससे सेना के साथ सीमांत क्षेत्र के लोगों की आवाजाही ठप हो गई।सलधार के पास हाइवे शनिवार सुबह 10 बजे बाद यातायात के लिए सुचारु हो पाया। जिससे सेना व सीमांत क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।





