एक-दूजे के हुए कुलदीप-वंशिका, मसूरी में लिए सात फेरे

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शनिवार को उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में सात फेरे लेकर नई पारी की शुरुआत कर ली। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में यह शादी बेहद खास और निजी समारोह में संपन्न हुई। बताया जा रहा है कि मसूरी के एक लग्जरी रिजॉर्ट में आयोजित इस ग्रैंड वेडिंग में दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी दोस्त और क्रिकेट जगत से जुड़े कुछ खास मेहमान शामिल हुए। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं।

शादी समारोह में लगा सितारों का जमावड़ा
कुलदीप और वंशिका की शादी में क्रिकेट जगत के कई बड़े सितारे भी शामिल हुए। भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ, स्पिनर युजवेंद्र चहल और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना समेत कई क्रिकेटरों ने समारोह में शिरकत की। शादी के दौरान मेहमानों ने जमकर मस्ती की और संगीत कार्यक्रम में डांस-म्यूजिक का भी खूब रंग जमा। परिवार और दोस्तों के साथ क्रिकेट सितारों ने नवदंपती को शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा माहौल जश्न और खुशी से भर गया। कुलदीप और वंशिका की शादी पहले नवंबर 2025 में तय की गई थी, लेकिन उस समय भारतीय टीम के मैच और टी20 विश्व कप की व्यस्तता के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई। बाद में परिवार ने मार्च 2026 में शादी का फैसला किया। शादी से एक दिन पहले यानी 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में हुईं, जिसमें दोनों परिवारों के साथ क्रिकेट जगत के कई सितारे भी शामिल हुए। समारोह में  युजवेंद्र चहल, सुरेश रैना और फील्डिंग कोच टी दिलीप जैसे दिग्गजों ने भी शिरकत की, जिससे प्री-वेडिंग फंक्शनों में खूब रौनक और मस्ती देखने को मिली। वंशिका चड्ढा कानपुर के श्यामनगर लालबंगला इलाके की रहने वाली हैं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका ने सेंट मैरी स्कूल से 2017 में 12वीं पास की थी, जिसके बाद वह आगे की पढ़ाई और नौकरी के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गईं। कुलदीप और वंशिका बचपन के दोस्त हैं। समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदली और अब दोनों ने शादी के बंधन में बंधकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर दी है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *