हरिद्वार : हरिद्वार देहरादून राजमार्ग पर रविवार रात रायवाला के समीप मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहन आपस में भिड़ गए। जिससे उनमें आग लग गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद कई किलोमीटर तक जाम लग जाने से यात्री कई घंटे परेशान रहे।जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 10:20 बजे रायवाला से हरिद्वार की ओर जाने वाली लेन पर एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे उसके पीछे चल रहा ट्रैक्टर कार से टकरा गया। इसके बाद ट्रैक्टर को भी एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे से कार में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में कार सवार एक महिला की मौत हो गई है।घटना के दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर कर्मियों और पुलिस की मदद करते हुए रास्ता साफ कराने, वाहनों को हटाने और स्थिति को संभालने मे पूरा सहयोग किया।
ओवर लोडेड ट्रक हटाना बना चुनौती
घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को मौके से हटाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ट्रक का प्रेशर सिस्टम टूट गया, जिसके बाद उसके ब्रेक जाम हो गए। ट्रक ओवर लोडेड होने के कारण वह अपनी जगह से हिल भी नहीं पा रहा है, जिससे उसे हटाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। ट्रक को सड़क से हटाने के लिए मौके पर दो जेसीबी और एक क्रेन लगाई गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मशीनों की मदद से ट्रक को हटाने का प्रयास कर रही है, ताकि मार्ग को जल्द से जल्द साफ कर यातायात को सुचारू किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक के हटने के बाद ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो पाएगी।





