दिल्ली में मार्च के पहले हफ्ते में गर्मी ने तोड़ा 50 साल का रिकॉर्ड

नई दिल्ली, एजेंसी। शनिवार सुबह सोनीपत, फरीदाबाद और गाजियाबाद समेत दिल्ली के कुछ इलाकों में कोहरा छाया रहा। हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, तापमान बढ़ने लगा। दिल्ली का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। 50 साल में पहली बार मार्च के पहले हफ्ते में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा।

रविवार को साफ रहेगा मौसम  अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को मौसम साफ रहेगा। सुबह कोहरे का असर ट्रैफिक पर भी पड़ा। कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर विजिबिलिटी बहुत कम रही, जिससे सर्दियों जैसे कोहरे वाले नियम लागू करने पड़े। वाहनों को धीमी गति से चलने दिया गया।

अन्य इलाकों में भी ट्रैफिक प्रभावित रहा। हालांकि, कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई। इस बीच, दोपहर में चिलचिलाती धूप के साथ गर्मी अपने चरम पर रही। सुबह दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान सामान्य से ज्यादा रहे। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा था, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 ज्यादा रहा, जो 35.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

कई जगहों पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। रिज और आयानगर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग के 50 साल के डेटा के मुताबिक, इससे पहले अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस 5 मार्च 1999 को रिकॉर्ड किया गया था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *