जयपुर : अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत

जयपुर. राजधानी के सवाई मानसिंह अस्पताल में देर रात बड़ा हादसा हो गया. अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. आग इतनी भीषण थी कि ICU में भर्ती 8 मरीजों की मौत हो गई. हादसा करीब देर रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ.
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी ने बताया कि आग लगने और दम घुटने के कारण छह लोगों की मौत हो गई है और अन्य घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है. अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि अचानक ICU से धुआं उठने लगा. लोगों ने इसकी जानकारी अस्पताल स्टाफ को दी, लेकिन शुरुआत में कोई मौके पर नहीं पहुंचा. धीरे-धीरे धुएं से पूरा ट्रॉमा सेंटर भर गया और मरीज़ों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. कुछ ही मिनटों में हालात गंभीर हो गए और कई मरीजों की तबीयत बिगड़ गई.
सीएम और बेढम पहुंचे मौके पर: हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तुरंत अस्पताल पहुंचे. उनके साथ मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया. दोनों नेताओं ने अस्पताल प्रशासन से पूरी रिपोर्ट मांगी और राहत कार्यों की समीक्षा की. भजनलाल शर्मा ने कहा कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फायर ब्रिगेड ने घंटों बाद पाया आग पर काबू: अग्निशमन विभाग की लगभग आधा दर्जन टीमें रात भर मौके पर मौजूद रहीं. आग पर काबू पाने में फायर फाइटर्स को करीब दो घंटे का समय लगा. आग पर काबू पाने के बाद ट्रॉमा सेंटर के सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अस्पताल के बाहर एहतियात के तौर पर चिकित्सकों की टीम लगाई गई, जो मरीजों का प्राथमिक उपचार कर रही थी.

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *