सुपर.4 के अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रनों से हराया
नयी दिल्ली, एजेंसी। सुपर 4 के करो या मरो के मुकाबले में शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ की घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर एशिया कप 2025 फाइनल में जगह बनाई है. अब 28 सितंबर को दुबई में भारत से होगी भिड़ंत.
एशिया कप 2025 के सुपर-4 के अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रनों से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान का सामना अब 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत से होगा. खास बात यह है कि एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान की टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. केवल 4 रन के स्कोर पर साहिबजादा फरहान आउट हो गए. इसके बाद तीसरे नंबर पर आए सईम अयूब भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. लगातार गिरते विकेट ने दबाव और बढ़ा दिया. फखर जमान 13 रन, कप्तान सलमान आगा 19 रन बनाकर सस्ते में लौट गए. इसके अलावा हुसैन तलत भी टिक नहीं पाए और उन्होंने मात्र 3 रन बनाए. पाकिस्तान ने 49 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम 100 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगी. मगर इसके बाद विकेटकीपर मोहम्मद हारिस ने 23 गेंद पर 31 रन की पारी खेली. वहीं शाहीन अफरीदी ने एक बार फिर बल्ले से रन बनाए. उन्होने 13 गेंद पर 19 रन की पारी खेली, मोहम्मद नवाज ने भी 15 गेंद पर 25 रन और फहीम अशरफ ने 9 गेंद पर 14 रन बनाकर स्कोर को 135 तक पहुंचा दिया.





