लॉर्ड्स टेस्ट के बहिष्कार की धमकी: इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू दिखाने से भड़का पाकिस्तान

लंदन : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने लॉर्ड्स टेस्ट का बहिष्कार करने की धमकी दी। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। लेकिन मैच के दौरान आधिकारिक ब्रॉडकास्टर ने इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू किया जो पाकिस्तान को रास नहीं आया। हालांकि, बाद में पाकिस्तान अपनी बात से खुद ही पलट गया और उसके खिलाड़ी मैदान पर उतरे। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच गुरुवार से शुरू हुआ, लेकिन पाकिस्तान ने इस मैच का बहिष्कार करने की धमकी दे डाली थी। दरअसल, मैच के दौरान आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू किया जिससे पाकिस्तान भड़क गया। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ब्रॉडकास्टर के खिलाफ आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई है। इतना ही नहीं वह मैच का बहिष्कार करने पर भी विचार कर रहा था। यह विवाद तब शुरू हुआ जब स्काई स्पोर्ट्स ने पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान खान के साथ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक एथरटन ने एक रिकॉर्डेड इंटरव्यू कराया था। इस इंटरव्यू में इमरान खान के बेटों ने अपने पिता की सेहत और कमजोर होती नजर को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की थी।पीसीबी ने लाइव मैच कवरेज में राजनीतिक विषयों को शामिल करने पर आपत्ति जताई। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने चेतावनी दी थी कि अगर इस इंटरव्यू का प्रसारण किया गया तो वह दोपहर के सेशन के दौरान अपने खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में ही रखेगा। स्काई स्पोर्ट्स ने लंच ब्रेक के दौरान इंटरव्यू दिखाए जाने से पहले इस सेगमेंट को रोक दिया।इसके बाद पीसीबी ने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आखिरकार अपनी धमकी से पीछे हट गया और पाकिस्तान की टीम दोपहर के सेशन के लिए मैदान पर लौट आई।ब्रिटिश मीडिया के अनुसार, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को इस शिकायत के बारे में जानकारी दी गई थी। खबरों के मुताबिक, टेस्ट सीरीज के पाकिस्तानी ब्रॉडकास्टर ने वह इंटरव्यू प्रसारित नहीं किया था।73 साल के इमरान खान अगस्त 2023 में भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार होने के बाद से जेल में हैं। तब से उन्हें एक मामले में दोषी ठहराया गया है और 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। इमरान खान ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है और कहा है कि उन पर चल रहे मामले राजनीतिक कारणों से प्रेरित हैं। उन्हें रावलपिंडी की अदियाला जेल में रखा गया है और वे तीन साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं। इससे पहले हाल ही में कपिल देव सहित 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पिछले छह महीने में दूसरी बार पत्र लिख कर इमरान के उचित इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं का ध्यान रखने की अपील की थी। इस वर्ष फरवरी में सुनील गावस्कर समेत 14 पूर्व कप्तानों ने अदियाला जेल में इमरान के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता जताई थी। इमरान पर जेल में उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने और चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। इमरान के समर्थन में लिखे गए पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, सुनील गावस्कर, डेविड गॉवर, क्लाइव लॉयड, अर्जुन रणतुंगा, स्टीव वॉ और जॉन राइट समेत कई दिग्गज शामिल थे। इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *