देहरादून : प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव में करीब चार माह का समय बचा है। इसी हिसाब से चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।उत्तराखंड में एक अक्तूबर से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होंगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय इसके लिए सभी ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम चरण की जांच जिलावार शुरू करेगा। इसके बाद आगे की गतिविधियां भी अमल में लाई जाएंगी।
चुनाव की तैयारियों के कैलेंडर के हिसाब से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से अब एक अक्तूबर से सभी ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम चरण की चेकिंग कराई जाएगी। इसके अलावा किस मतदान केंद्र में क्या आवश्यकताएं होंगी, उनका निर्धारण भी किया जाएगा।शुरुआती चरण में ईवीएम की जांच के बाद चुनाव आयोग की टीमें सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करेंगी। उन केंद्रों के सभी इंतजामों का जायजा लेंगी ताकि चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इसके समानांतर ही आयोग की टीम मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्वीप की गतिविधियों का भी खाका तैयार करेगी।मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से प्रदेशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया गतिमान है। 11 सितंबर तक सभी दावे-आपत्तियों का निपटारा करना होगा। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो जाएगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मतदाताओं की संख्या कितनी है।





