उत्तराखंड विस चुनाव: इस महीने बूथ जीतो अभियान करेगी भाजपा

देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी इसी महीने बूथ जीतो अभियान शुरू करेगी। लखपति दीदी सम्मेलन और केंद्रीय नेताओं के भ्रमण की रूपरेखा तैयार हो गई है।उत्तराखंड में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने के लिए इसी महीने बूथ जीतो अभियान शुरू करेगी। संगठन महासचिव बीएल संतोष की अगुवाई में हुई राज्य कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव से पहले विकास यात्रा शुरू करने, विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी दूर करने और लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कोरग्रुप में शामिल सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। करीब तीन घंटे चली कोर ग्रुप की बैठक में संघ-भाजपा की आंतरिक सर्वे पर आधारित रिपोर्ट पर भी गंभीर मंथन हुआ। बैठक में सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, मंत्रियों के क्षेत्रवार प्रवास की रूपरेखा तय करने पर मंथन हुआ।इस दौरान सितंबर महीने से केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के राज्य के अलग-अलग इलाकों में जनसभा कराए जाने की भी रूपरेखा तैयार हुई। बैठक में विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर गहरी नाराजगी को दूर करने के लिए तैयारियों पर भी मंथन हुआ। राज्य इकाई से कहा गया है कि ऐसे विधायकों को स्थानीय स्तर पर किए गए वादे को पूरा करने का निर्देश दें।बैठक में अगले महीने से विधायकों, मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों का अलग-अलग क्षेत्र में प्रवास कार्यक्रम तय करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत इन हस्तियों को चिन्हित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम भी करना होगा।राज्य इकाई को कहा गया है कि वह अगले महीने से चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक प्रधानमंत्री की जनसभाओं का खाका तैयार करे। इसके अलावा सितंबर से केंद्रीय नेताओं की दौरे की भी रूपरेखा तैयार करे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *