नई दिल्ली, एजेंसी।सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किए ने आज शुक्रवार को एक त्रिपक्षीय रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत किसी एक देश पर हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।भारत ने भी इन तीनों देशों के बीच हुए रक्षा समझौते पर नजर बनाए हुई है। समझौते की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘तीनों देशों के बीच हुआ यह समझौता एक ऐसा घटनाक्रम है जिस पर हम बारीकी से नजर रख रहे हैं और हम आपको इस बारे में अपडेट देते रहेंगे।’पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, तीनों देशों के बीच यह समझौता लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक संबंधों, भाईचारे और इस्लामी एकजुटता के मजबूत बंधनों और उनके साझा रणनीतिक हितों व लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग पर आधारित है।सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किए ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘इस समझौते का मकसद किसी भी तरह की आक्रामकता के खिलाफ सामूहिक सुरक्षा को मजबूत करना है और इसमें यह तय किया गया है कि तीनों में से किसी एक पर भी सशस्त्र हमला होने पर उसे सभी पर हमला माना जाएगा।’पाकिस्तानी मंत्रालय ने कहा, ‘यह समझौता तीनों देशों की सामूहिक सुरक्षा को और मजबूत करने तथा क्षेत्र और उसके बाहर शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, ताकि एक सुरक्षित और समृद्ध भविष्य बनाया जा सके।’तुर्की के एक अधिकारी ने कहा कि यह समझौता पूरी तरह से रक्षात्मक है, इसका मकसद किसी खास देश को निशाना बनाना नहीं है और इसमें क्षेत्र के अन्य देश भी शामिल हो सकते हैं। अधिकारी ने यह भी कहा कि यह समझौता मौजूदा द्विपक्षीय या बहुपक्षीय सुरक्षा व्यवस्थाओं की जगह नहीं लेगा।





