टिहरीःएशिया के विशालतम बांधों में शुमार टिहरी झील के तट पर हिमालयन ओ2 द टिहरी लेक फेस्टिवल का शानदार आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस चार दिवसीय महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें कोटी कॉलोनी से नई टिहरी तक रोपवे का निर्माण और रिंग रोड फेज 2 की सौगात शामिल है। मुख्यमंत्री ने स्वयं झील में वोटिंग का आनंद लिया और कहा कि टिहरी में वाटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील अब केवल एक सामान्य पर्यटन स्थल नहीं रह गई है, बल्कि यह वैश्विक स्तर पर साहसिक खेलों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रही है। पिछले एक वर्ष के भीतर यहाँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई साहसिक खेल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। वर्तमान में यहाँ 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग और अन्य साहसिक खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी झील और इसके आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग 1,300 करोड़ रुपये की योजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने टिहरी झील रिंग रोड फेज 2 का शिलान्यास करते हुए कहा कि इसके बनने से पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही, एशियन डेवलपमेंट बैंक द्वारा वित्त पोषित 15 किलोमीटर लंबे कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का भी वर्चुअल शिलान्यास किया गया, जिसकी लागत 318 करोड़ रुपये है।
क्षेत्रीय विकास के मॉडल पर चर्चा करते हुए उन्होंने जानकारी दी कि सुनारगांव को मॉडल विलेज और तिवाड़ गांव को होम स्टे विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। झील में वर्तमान में जेट स्की, कयाकिंग, स्कूबा डाइविंग और पैरासेलिंग जैसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह महोत्सव आने वाले समय में पूरे प्रदेश की विशिष्ट पहचान बनेगा। वहीं, विधायक किशोर उपाध्याय ने टिहरी विधानसभा क्षेत्र को ओबीसी श्रेणी में शामिल करने और मेडिकल कॉलेज के शीघ्र निर्माण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
आगामी चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न साहसिक खेलों, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से टिहरी की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।





