नई दिल्ली, एजेंसी। फ्रांस में बढ़ती महंगाई और कई अन्य मुद्दों को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत विदेशी नेताओं पर तीखा हमला बोला है। मैक्रों ने बुधवार को आरोप लगाया कि कुछ विदेशी नेता फ्रांस के तनावपूर्ण माहौल का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए कर रहे हैं। उन्होंने देश में हालिया हिंसा के लिए मुस्लिम प्रवासियों को जिम्मेदार ठहराने वाले दावों को बेवकूफी भरा और अस्वीकार्य बताया।दरअसल, फ्रांस में बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों पर बढ़ते खर्च के खिलाफ शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों ने कई जगह हिंसक रूप ले लिया है। इस दौरान बड़े पैमाने पर दंगे और लूटपाट की घटनाएं सामने आई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन घटनाओं को लेकर मुस्लिम प्रवासियों पर आरोप लगाए हैं। ट्रंप ने इस मुद्दे का इस्तेमाल अपने राजनीतिक समर्थकों को एकजुट करने के लिए भी किया है।





