नई दिल्ली, एजेंसी। पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को एक निजी स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 29 बच्चों और एक महिला शिक्षक की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर के दीर कॉलोनी इलाके में हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल मलबा हटाने और उसके नीचे दबे बच्चों व स्कूल के कर्मचारियों को तलाशने में जुट गए। वहीं, पुलिस ने स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले 29 छात्रों में छह लड़कियां शामिल हैं। इसके अलावा एक महिला शिक्षक की भी मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम थी। इतनी कम उम्र के बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





