देहरादून। राजधानी में यातायात का दबाव कम करने के लिए प्रस्तावित मोहकमपुर–आशारोड़ी एलिवेटेड रोड अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। परियोजना के रूट में बदलाव के आरोपों के बीच क्षेत्रवासियों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है। संघर्ष समिति का दावा है कि प्रस्तावित निर्माण की मौजूदा योजना से हजारों मकान, जमीन और परिवार प्रभावित हो सकते हैं। लोगों का आरोप है कि जिस परियोजना से शहर को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, उसी के कारण कई परिवारों के सामने अपने आशियाने खोने का खतरा खड़ा हो गया है। मोहकमपुर–आशारोड़ी एलिवेटेड रोड संघर्ष समिति ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की सात अगस्त 2026 की अधिसूचना पर आपत्ति जताते हुए योजना पर पुनर्विचार की मांग की है। समिति से जुड़े लोगों ने विधानसभा के पास धरना देकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि परियोजना को मूल राजमार्ग के ऊपर से निकालने के बजाय आवासीय बस्तियों की ओर मोड़ने से बड़ी आबादी के प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है।




