नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के कानपुर के सेन पश्चिम पारा में सोमवार देर रात भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव रमेश यादव को उनके फॉर्म हाउस में दो नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बना लिया। चाकू और तमंचे के बल पर बदमाश 12 लाख की नकदी और सोने की चेन, कड़ा समेत 34 लाख का माल लूट ले गए। भागने से पहले बदमाशों ने रमेश के हाथ-पैर टेप से बांधे और मुंह में तौलिया ठूंसकर उसे गमछे और टेप से कस दिया। इसके बाद बाथरूम में डाल दिया। कुछ देर बाद रमेश ने खुद को खोलकर साथियों को सूचना दी। पुलिस, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फुटेज के मुताबिक, पूरी वारदात 37 मिनट के भीतर हुई है। पुलिस को किसी करीबी का हाथ होने की भी आशंका है। सेन पश्चिम पारा के न्यूरी गांव निवासी रमेश यादव बिधनू से तीन बार ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। वह बसपा से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।




