नई दिल्ली, एजेंसी। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बीते सोमवार संसद मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल किए जाने के प्रमाण के तौर पर पैलेट गन से घायल एक आंदोलनकारी छात्र साहिल के घावों को दिखाते हुए सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।साथ ही छात्रों पर ऐसे हमले को देश के भविष्य पर हमला बताते हुए लाठीचार्ज तथा पैलेट गन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की पुरजोर आवाज उठाई।वहीं शिक्षा मंत्री पर बेहद तीखा हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेद्र प्रधान एक “आपराधिक शिक्षा मंत्री” हैं और भारत की शिक्षा व्यवस्था के ध्वस्त होने का प्रतीक हैं। इसलिए उन्हें हटाया जाना चाहिए।पीड़ित छात्र साहिल को लेकर मीडिया से रूबरू हुए राहुल गांधी ने कहा कि मेरे इस भाई को पैलेट गन तब लगी जब वह हाथ में तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण विरोध कर रहा था।साहिल के घाव और चोटें दिखाते हुए कहा कि इसकी एक आंख खराब हो गई है। हजारों युवाओं के साथ ऐसा ही हुआ है और उन पर पैलेट गन से गोली चलाई गई है और लाठी-डंडे से पीटा गया है।





