देहरादून : मौसम विभाग की ओर से दी गई चेतावनी के बाद सभी आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं। रुद्रप्रयागम में स्कूल बंद हैं। हालांकि केदारनाथ यात्रा जारी है।मौसम विभाग के अलर्ट के बीच सोमवार को जिले में बारिश का दौर जारी है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल बंद हैं। सावन के पहले सोमवार पर जिले के शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। उधर, लगातार बारिश के बावजूद केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से संचालित होती रही और रविवार को 1,097 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार ने बताया कि जिले में सभी आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं। जिला और ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।उधर, जिले में बीते 24 घंटे में ऊखीमठ में 77 मिमी, जखोली में 53 मिमी और रुद्रप्रयाग में 22 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि अलकनंदा, मंदाकिनी, गंगानगर और गौरीकुंड में नदियों का जलस्तर फिलहाल सामान्य बना हुआ है। अलकनंदा का जलस्तर 625 मीटर (चेतावनी स्तर 626 मीटर) और मंदाकिनी का 624.15 मीटर (चेतावनी स्तर 625 मीटर) दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर से नीचे है।





