स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे,50 मिनट चला रेस्क्यू, फिर निकलीं लाशें

कानपुर : महाराजपुर में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के घुस जाने से तीन लोगों की जान चली गई और नौ अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि सिपाहियों ने रुपये लेकर ट्रक चालक को भागने दिया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।कानपुर के महाराजपुर में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस की बड़ी लापरवाही देखने को मिली। थाने के सिपाहियों ने घटनास्थल पर खड़े ट्रक में फंसी स्कॉर्पियो को अलग करने के लिए चालक को ही ट्रक आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंप दी। इधर, चालक मौका मिलते ही ट्रक लेकर भाग खड़ा हुआ।इस पर पीआरवी ने उसका पीछा कर करीब 13 किमी दूर तिवारीपुर के पास जाकर उसे पकड़ा। इसके बाद महाराजपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।  वहीं, चालक के भागते ही राहगीरों ने सिपाहियों पर 50 हजार रुपये लेकर उसे छोड़ने का आरोप लगा हंगामा किया। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो एडिटेड प्रतीत हो रहा है। वहीं, चालक के 13 किमी तक ट्रक लेकर भागने और सिपाहियों के रुपये लेकर चालक को छोड़ने की बात से भी इन्कार किया है।सड़क हादसे के बाद हाईवे किनारे खड़े ट्रक को लेकर उठ रहे सवालों के बीच एनएचएआई ने सफाई दी है। एनएचएआई अधिकारियों का दावा है कि हादसे से महज 12 मिनट पहले उनकी पेट्रोलिंग टीम रूमा ओवरब्रिज से गुजरी थी। उस समय हाईवे किनारे कोई भी वाहन खड़ा नहीं था। अधिकारियों के मुताबिक टीम ने सुबह करीब पांच बजे एक खड़ी कार को सुरक्षित हटवाया था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *