ऊधम सिंह नगर : जसपुर के खेड़ा लक्ष्मीपुर रोड पर शुक्रवार रात कार-बाइक टक्कर में घायल 20 वर्षीय नितिन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए एक युवक पर आरोप लगाया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे खेड़ा लक्ष्मीपुर रोड पर एक कार की टक्कर से तीन बाइक सवार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नितिन कुमार (20) पुत्र पप्पू सिंह उर्फ भोलू, निवासी मोहल्ला जुलाहान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे स्थानीय विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।पुलिस अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर मोर्चरी में रखा गया है। शव के जसपुर पहुंचने पर, यदि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो परिजनों और समर्थकों द्वारा विरोध-प्रदर्शन किए जाने की आशंका है। इसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। परिजनों का आरोप है कि नितिन कुमार का दिन में मानु उर्फ मोनू चौहान पुत्र गुड्डू चौहान, निवासी ग्राम कासमपुर से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजन इसी युवक पर कार से टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





