नयी दिल्ली, एजेंसी। जिस बात का डर था, आखिरकार वही हुआ. देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है. पेट्रोल 3.14 रुपए और डीजल 3.11 रुपए महंगा हो गया है. अब राजधानी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 97.91 रुपए और एक लीटर डीजल की कीमत 90.78 रुपए हो गई है.
ईरान-अमेरिका युद्ध और वैश्विक उथल-पुथल के बीच क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल आ गया था. जिसकी वजह से भारत की सरकारी कंपनियों को हर दिन एक हजार करोड़ यानी महीने में 30 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा था. कुछ समय पहले तक जो कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था, वह अब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुका है.
इससे पहले पीएम मोदी ने बीते रविवार को संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों की अपील की थी. रुपये में भारी गिरावट आई है और वर्तमान में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 के नीचे पहुंच गया है.
यह बढ़ोतरी सीएनजी में ₹2 प्रति किलो की वृद्धि और दूध की कीमतों में हालिया उछाल के बाद हुई है, जिससे आम लोगों के लिए महंगाई का दबाव बढ़ गया है।





