हरिद्वार अर्धकुंभ : प्रमुख स्नान दिवसों पर चलेंगी 15 अतिरिक्त ट्रेन

हरिद्वार। अर्धकुंभ 2027 के दृष्टिगत सोमवार को सीसीआर में मेला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों की बैठक में भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिसमें हरिद्वार और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं के सुधार और विस्तार के साथ ही आधुनिक तकनीकों और एआइ आधारित व्यवस्थाओं को लागू करने का निर्णय लिया गया।

मंडल रेलवे प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने सामान्य दिनों में संचालित होने वाली 33 जोड़ी ट्रेनों के साथ ही प्रमुख स्नान दिवसों पर 15 अतिरिक्त ट्रेनें संचालित किए जाने की जानकारी दी। बताया कि आवश्यकतानुसार यह संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर एक स्थायी होल्डिंग एरिया के साथ ही कुल पांच होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। जिनकी क्षमता लगभग 19 हजार से अधिक होगी। बताया कि मेला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को रेलवे की ओर से मेलाधिकारी (रेलवे) के रूप में चेतन तनेजा की नियुक्ति की गयी है।

इसके साथ ही सीसीआर में अलग से एक अधिकारी की तैनाती की जाएगी। बताया कि हरिद्वार और इसके आसपास 11 स्टेशनों को कुंभ मेला कार्ययोजना के दायरे में लाया जाएगा। वहां सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आइजी (कुंभ) योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, एडीआरएम प्रेमशंकर झा, रेलवे मेलाधिकारी चेतन तनेजा, एसपी (ट्रैफिक) निशा यादव, एसपी (जीआरपी) अरुणा भारती, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार, सीओ बिपेंद्र कुमार और अनुज, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह सहित रेलवे, पुलिस विभाग, प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *