रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में दर्शन को श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 4.20 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं, जिनमें से 16 हजार से अधिक ने हेली सेवा से पहुंचे।यात्रा बढ़ने से स्थानीय व्यवसायियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।गत 22 अप्रैल को चारधाम में शामिल केदारनाथ धाम के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए थे। पहले दिन 38 हजार यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन करने का एक दिन का रिकार्ड भी बनाया है। यात्रा को सुगम बनाने के लिए संचालित हेली सेवा का भी श्रद्धालु भरपूर लाभ उठा रहे हैं। हालांकि कुछ दिनों मौसम खराबी के चलते कई टिकटें रद भी हुईं हैं।हालांकि फिर अब तक करीब 16 हजार यात्रियों ने हेली सेवा के माध्यम से बाबा केदार के दर्शन किए हैं, जबकि डंडी से 8,106 व कंडी से 1,720 यात्री केदारनाथ पहुंचे हैं।
इसके अलावा घोड़े-खच्चर के साथ ही पैदल यात्री बाबा केदार के दर्शनों को पहुंच रहे हैं।शुक्रवार को इस सीजन में अब तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा चार लाख पार हो गया था। अब तक 4.20 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन लगभग 20 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद ले रहे है।धाम में सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हर हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोष से पूरा केदारपुरी क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है।मौसम अनुकूल रहने से भी यात्रा रफ्तार पकड़ रही है।
यात्रियों की संख्या बढ़ने से यात्रा से जुड़े व्यवसायियों के चेहरों पर रौनक दिख रही है।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा के 18 दिनों में केदारनाथ में दर्शनों का आंकड़ा चार लाख पार पहुंच चुका है।यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग तथा आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं लगातार सुदृढ़ की गईं हैं।यात्रा मार्ग एवं धाम में निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने यात्रियों से मौसम की जानकारी प्राप्त कर यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





