ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हादसा: बछेलीखाल के पास चलती टैक्सी में लगी भीषण आग

देहरादून : चालक सवारियों को लेकर सोनप्रयाग से रवाना हुआ था। शाम को जब वाहन तीन धारा से आगे बछेलीखाल के पास पहुंचा, तो अचानक इंजन ओवरहीट हो गया। और धुआं निकलने लगा।ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर  बछेलीखाल के पास मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होने से बच गया। सोनप्रयाग से ऋषिकेश जा रही एक सात सीटर टैक्सी कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही चालक और सभी छह सवारियां वाहन से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।जानकारी के अनुसार, गुप्तकाशी निवासी चालक दोपहर गयारह बजे सवारियों को लेकर सोनप्रयाग से रवाना हुआ था। शाम लगभग पौने छह बजे जब वाहन तीन धारा से आगे बछेलीखाल के पास पहुंचा, तो अचानक इंजन ओवरहीट हो गया। चालक ने महसूस किया कि क्लच और एक्सीलेटर ने काम करना बंद कर दिया है और बोनट से धुआं निकलने लगा है। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और सभी यात्रियों को नीचे उतारा। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।घटना की सूचना मिलते ही बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वाहन के फ्यूल टैंक में ब्लास्ट होने की आशंका को देखते हुए एहतियातन राजमार्ग के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग शांत होने के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया और सभी यात्रियों व चालक को सुरक्षित अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *