देहरादून। जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, देहरादून में तृतीय के. एन. नौटियाल इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष श्री राकेश नौटियाल, बोर्ड सदस्य श्री आर. एस. नेगी, उप-प्रधानाचार्या सुश्री हरलीन कौर चौधरी, न्यू एरा स्कूल के निदेशक श्री संदीप रावत सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट का परिचय डॉ. निवेदिता राणोत (हेड ऑफ स्पोर्ट्स) द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता में आठ टीमों की भागीदारी रही। उप-प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में खेलों में अनुशासन, टीमवर्क और समर्पण के महत्व पर बल दिया।
टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन अध्यक्ष श्री राकेश नौटियाल द्वारा किया गया, जिसके बाद पारंपरिक टॉस के साथ मैचों की शुरुआत की घोषणा हुई।
यह प्रतियोगिता उत्तराखंड स्कूल क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की स्वीकृति से आयोजित की जा रही है।
हेड ऑफ स्पोर्ट्स डॉ. निवेदिता राणोत का कहना है कि समारोह सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसने आगामी मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों में नई प्रेरणा का संचार किया।





