एक मई को पूजा अर्चना के साथ खुलेंगे आदि कैलास में शिवधाम के कपाट

पिथौरागढ़। आदि कैलास और ऊं पर्वत दर्शन यात्रा एक मई से शुरू हो जायेगी। एक मई को ज्योलिंगकांग शिव मंदिर में विधि विधान से भव्य पूजा अर्चना का कार्यक्रम होगा। यात्रा के लिए 28 अप्रैल से इनर लाइन परमिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी।पहले एक मई से ही परमिट जारी करने का निर्णय लिया गया था। यात्रा शुरू होने से पूर्व अपर जिलाधिकारी की अगुवाई में टीम गुंजी पहुंचकर व्यवस्थाओं का परखेगी। प्रशासन ने एक जून से शुरू होने वाले भारत-चीन व्यापार को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आदि कैलास और ऊं पर्वत दर्शन यात्रा को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने आज अधिकारियों, होटल व्यवसायियों और भारत-चीन व्यापारियों के साथ बैठक की।

जिलाधिकारी ने यात्रा शुरू होने से पूर्व सड़क मार्ग की सभी दिक्कतें दूर करने के निर्देश सीमा सड़क संगठन को देते हुए कहा कि सड़क के किनारे सुरक्षा की दृष्टि से क्रश बैरियर लगाये जाये। यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के लिए धारचूला और गुंजी में स्वास्थ्य विभाग इंतजाम रखेगा। जिला मुख्यालय में भी स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था रहेगी। यात्रा मार्ग में एबुलेंस की तैनाती रहेगी।आईटीबीपी से प्रत्येक चेकपोस्ट में मेडिकल स्टाफ तैनात रखने का अनुरोध प्रशासन की ओर से किया गया है। जिला पंचायत को गुंजी में अस्थायी शौचालय बनाये जाने के निर्देश दिये गये हैं। संचार विभाग को यात्रा मार्ग में लगे मोबाइल टावरों को सुचारू रखने, जल और विद्युत विभाग को सभी तैयारियां यात्रा शुरू होने से पहले पूरी कर लेने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि इनर लाइन परमिट बनाने की प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू हो जायेगी। इसके लिए श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करेंगे। परमिट धारचूला उपजिलाधिकारी कार्यालय से जारी होंगे।भारत-चीन तैयारी बैठक में भाग लेने धारचूला से पहुंचे भारत-चीन व्यापार के व्यापारियों ने अपनी तमाम दिक्कतें जिलाधिकारी के सामने रखी। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि चीन में स्थित व्यापारिक मंडी तकलाकोट से व्यापार स्थल को अब दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। नये स्थल पर उन्हें अपना कारोबार करने के लिए शेड और गोदाम रियायती दरों पर पूर्व की भांति उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई जाये।उन्होंने चीन से आयात होने वाले जानवरों की जांच के लिए गुंजी में जल्द क्वारनटाइन सेंटर खोलने, ट्रेड कार्यालय और कस्टम कार्यालय खोलने, व्यापार की अवधि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 नवंबर करने, हिमपात होने की स्थिति में सीमा को जोड़ने वाली सड़क को जल्द से जल्द खोले जाने की मांग जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी को समस्या बताने वालों में भारत-चीन व्यापार समिति के सचिव दौलत सिंह रायपा, सचिव रतन सिंह रायपा शामिल थे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *