नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिका-इजरायल और ईरान की लड़ाई और अधिक विकराल रूप लेती जा रही है। होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने को लेकर ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई डेडलाइन समाप्त होने में कुछ ही घंटे बचे हैं, जिसके तहत अमेरिका ईरान के सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को पूरी तरह तबाह करने की चेतावनी दी है।अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई इस खतरनाक चेतावनी के बीच तेहरान ने अपने नागरिकों से देश के बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए ‘मानव श्रृंखला’ बनाने का आह्वान किया है।दरअसल, ट्रंप की डेडलाइन बुधवार को सुबह 3:30 बजे (स्थानीय समय) समाप्त होगी। इससे ठीक पहले ईरान के खेल और युवा मंत्रालय ने एथलीटों, कलाकारों और छात्रों सहित देश के युवाओं से मंगलवार को दोपहर 2:00 बजे (स्थानीय समय) से परमाणु स्थलों के आसपास इकट्ठा होने का आह्वान किया है।गौरतलब है कि ट्रंप ने ईरान को धमकी दी कि उनके पास मंगलवार तक का समय है, इस दौरान अगर वह समझौता नहीं करते और होर्मुज नहीं खोलते हैं तो पूरे देश को एक रात में तबाह किया जा सकता है। इस दौरान ईरान के सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट कर दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि वे ईरान को पहले ही पर्याप्त समय दे चुके हैं। हर बार पीछे हटने का रास्ता ढूंढ लिया। लेकिन इस बार उन्होंने अपने वादे को पूरा करने की स्पष्ट योजना बताई।





