ऋषिकेश के घाट चौक पर पूजा सामग्री की दुकान में भीषण आग

ऋषिकेश। तीर्थनगरी के रेलवे रोड स्थित घाट चौक पर आज तड़के सुबह करीब 3:40 बजे एक पूजा सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बंद दुकान का शटर खोला और सुरक्षा की दृष्टि से यूपीसीएल (UPCL) को सूचित कर क्षेत्र की बिजली सप्लाई तुरंत बंद करवाई। साथ ही अग्निशमन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई।सूचना के कुछ ही देर बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने में दमकल कर्मियों को लगभग 30 मिनट का समय लगा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, जिससे आग को आस-पास की अन्य दुकानों में फैलने से रोक लिया गया।बताया जा रहा है कि दुकान पूजा सामग्री की थी। इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *