तेहरान। ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम के प्रस्ताव का जवाब पाकिस्तान के जरिये भेजा है और उसके सामने 10 शर्तें रखी हैं। इनमें होर्मुज से जहाजों की आवाजाही के लिए नए नियम, पुनर्निर्माण जैसी शर्तें शामिल हैं। उधर, इस्राइल ने ईरानी गैस क्षेत्र को दूसरी बार निशाना बनाया है।ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी युद्ध विराम के लिए अपनी शर्तें सामने रखी हैं। ईरान ने अमेरिकी प्रस्ताव का जवाब पाकिस्तान के जरिये भेजा और साफ कहा कि वह अस्थायी युद्ध विराम नहीं, बल्कि युद्ध का स्थायी अंत चाहता है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
ईरान की सेना ने क्या कहा?
इस बीच, ईरानी सेना ने कहा कि वह अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ तब तक जंग जारी रखेगा, जब तक राजनीतिक नेतृत्व उचित समझे। सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरामिनिया ने कहा, हम युद्ध को तब तक जारी रख सकते हैं, जब तक राजनीतिक नेतृत्व इसे सही मानता है। उन्होंने कहा कि इस जंग के बाद ऐसा स्तर हासिल करना जरूरी है, जिससे दुश्मन पछताए और भविष्य में फिर ऐसी स्थिति न बने।उधर, इस्राइल ने आज फिर ईरानी गैस क्षेत्र पर फिर से हमला किया। साउथ पार्स दुनिया की सबसे बड़ी गैस क्षेत्र है और यह ईरान-कतर के बीच फैला हुआ है। इस्राइल ने हमले की पुष्टि की। इसके बाद ईरान ने कहा कि संयंत्र में लगी आग को बुझाकर नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।जारी संघर्ष के बीच इस्राइल का गैस क्षेत्र में यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे 20 दिन पहले 18 मार्च को भी इस गैस क्षेत्र को निशाना बनाया गया था।हमले के बाद इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने दावा किया कि आईडीएफ के हमले से ईरान का सबसे बड़ा पेट्रोकेमिकल संयंत्र बंद हो गया है।





