पंचायत चुनाव-2025: उत्‍तराखंड के 40 विकासखंडों में मतदान जारी, महिलाओं में खासा उत्‍साह

देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सेकेंड फेज में 40 विकासखंडों में सोमवार को वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 5033 पदों के लिए 14751 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 21.57 लाख वोटर्स मतपेटियों में बंद करेंगे। वोटिंग सोमवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गया। मतगणना 31 जुलाई को होगी।
पौड़ी में हल्की बारिश के बीच दूसरे चरण का मतदान शुरू हुआ। सात ब्लॉकों में होने जा रहे मतदान को लेकर बूथों पर लोग पहुंचने लगे हैं। खराब मौसम के बावजूद उत्साह से लबरेज मतदाता मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। डोईवाला विकासखंड में दूसरे चरण का मतदान जारी है। बूंदाबांदी के बावजूद लोग घरों से बाहर निकाल कर मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में टिहरी जिले के चंबा, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र में मतदान जारी है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैचोली बूथ संख्या 72 पर मतदाता लाइन लगाकर खड़े हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेश के 40 विकासखंडों में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है। 4431 बूथों पर पोलिंग पार्टियां मोर्चा संभाले हुए हैं। दूसरे चरण में कुल 21,57199 मतदाता वोट डालेंगे।
10 जिलों के इन विकासखंडों में दूसरे चरण का मतदान
अल्मोड़ा के सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग और द्वाराहाट, ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर व जसपुर, चंपावत के चंपावत व बाराकोट, पिथौरागढ़ के विण, मूनाकोट, बेरीनाग व गंगोलीहाट, नैनीताल के हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल व कोटाबाग, उत्तरकाशी के डुंडा, चिन्यालीसौड़ व भटवाड़ी, चमोली के पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग व गैरसैंण, टिहरी के कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर व चंबा, देहरादून के डोईवाला, रायपुर व सहसपुर, पौड़ी के यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट व कल्जीखाल में। पहले चरण में दो जिलों बागेश्वर व रुद्रप्रयाग के सभी विकासखंडों में मतदान संपन्न हो चुका है। लिहाजा, 12 के बजाए 10 जिलों में दूसरे चरण का मतदान होगा।
पहले चरण में महिलाओं ने जमकर किया मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में महिलाओं ने जमकर वोटिंग की। 49 विकासखंडों में हुए प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में 68 प्रतिशत मतदान हुआ। खास बात ये है कि मतदान करने वालों में पुरुष मतदाता 63 प्रतिशत और महिला मतदाता 73 प्रतिशत रहीं। महिलाओं का गांव की सरकार चुनने को लेकर उत्साह देखकर राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी भी उत्साहित हैं।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *