<p style=”text-align: justify;”>भारत बनाम इंग्लैंड चौथे टेस्ट का दूसरा दिन ऋषभ पंत की दिलेरी के नाम रहा, वह लंगड़ाते हुए मैदान के अंदर आए और अर्धशतकीय पारी खेलकर फैंस का दिल जीत लिया. हालांकि वह ठीक से सिंगल भी नहीं ले पा रहे थे, क्योंकि उनके दाएं पैर की उंगली में फ्रैक्चर था. एक दिन पहले क्रिस वोक्स की गेंद उनके पैर पर लगी थी, जिसके बाद वहां से खून निकला और सूजन भी हुई. इसके बाद उपकप्तान मैदान से बाहर चले गए और ध्रुव जुरेल ने विकेट कीपिंग की. बेशक पंत ने 54 रन बनाए, लेकिन इनमें से 37 रन वह चोट लगने से पहले बना चुके थे. आईसीसी के विचाराधीन नियम के मुताबिक पंत की जगह किसी और खिलाड़ी को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है.
<p style=”text-align: justify;”>27 वर्षीय ऋषभ पंत को चौथे टेस्ट के पहले दिन दाएं पैर में गेंद लगी, उन्होंने जूता उतारा तो वहां से खून निकल रहा था. थोड़ी देर में सूजन भी आ गई, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. ध्रुव जुरेल ने विकेट कीपिंग की, दूसरे दिन क्रिकबज ने पुष्टि की कि पंत के पैर की उंगली में फ्रैक्चर है.
<p style=”text-align: justify;”>बीसीसीआई ने इस पर आधिकारिक अपडेट जारी करते हुए कहा, “मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन दाहिने पैर में चोट लगने के बाद, ऋषभ पंत बाकी मैच में विकेटकीपिंग नहीं कर पाएंगे. ध्रुव जुरेल विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे. अपनी चोट के बावजूद, ऋषभ पंत दूसरे दिन टीम में शामिल हो गए हैं और टीम की ज़रूरतों के अनुसार बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे.”
<h3 style=”text-align: justify;”>ICC का विचाराधीन नियम, क्या ऋषभ पंत की जगह कोई और कर सकता है बल्लेबाजी?
<p style=”text-align: justify;”>अगर आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेट में एक विचाराधीन नियम लागू किया तो चीजें टीम इंडिया के लिए बहुत अलग हो सकती है. पिछले महीन ही वर्ल्ड क्रिकेट बॉडी ने खेल के नियमों में बदलाव किया. इसमें एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई थी जिसमें आईसीसी ने अन्य बोर्ड से अक्टूबर 2025 से अगले 6 महीनों के लिए फर्स्ट क्लास में चोट के विकल्प की बात कही गई. इस बयान में कहा गया कि खिलाड़ी को मैच शुरू होने के बाद किसी भी समय खेल के मैदान पर गंभीर चोट लगती है तो बचे हुए मैच में उसकी जगह प्लेइंग 11 में दूसरा खिलाड़ी शामिल हो सकता है. लेकिन रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का प्लेइंग रोल वही होना चाहिए, जो बाहर होने वाले खिलाड़ी का हो. यानी बल्लेबाज की जगह बल्लेबाज और गेंदबाज की जगह गेंदबाज ही प्लेइंग 11 में शामिल हो सकेगा.
<p style=”text-align: justify;”>फिलहाल अभी सिर्फ कन्कशन रिप्लेसमेंट की अनुमति है. इसमें अगर किसी खिलाड़ी के सिर पर चोट लगती है तो उसकी जगह प्लेइंग 11 में कोई और खिलाड़ी शामिल हो सकता है. जैसे अगर पंत के सिर पर चोट लगती तो ध्रुव जुरेल प्लेइंग 11 में शामिल होकर उनकी जगह बल्लेबाजी कर सकते थे, अभी वह सिर्फ सब्स्टीट्यूट प्लेयर बनकर विकेट कीपिंग कर सकते हैं.