बैंकॉक। थाईलैंड का मशहूर पर्यटन शहर पटाया इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में है। वजह है कि अमेरिकी नौसेना का विशाल विमानवाहक पोत ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ ने बुधवार की सुबह पटाया के पास लाएम चाबांग बंदरगाह पर लंगर डाला है। हालांकि इस पोत के आगमन से पहले ही स्थानीय प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी थी। इस जहाज पर सवार करीब 5000 अमेरिकी नाविक और मरीन कमांडो पटाया पहुंचे। समुद्र में 200 से ज्यादा दिन बिताने के बाद इन सैनिकों को आराम करने का मौका मिला, लेकिन इस वीआईपी विजिट ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की नींद उड़ा दी है।मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही अमेरिकी सैनिकों के आने की खबर फैली, पटाया पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई। शहर के बीच और नाइटलाइफ वाले इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने हाल ही में वीकेंड पर छापेमारी करके करीब 40 से 50 लोगों को वेश्यावृत्ति के संदेह में हिरासत में लिया है।पटाया के पुलिस प्रमुख अनेख स्राथोंगयू ने खुलकर माना कि सैनिकों के आने के बाद सेक्स ट्रेड को काबू में रखना एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह मुश्किल है क्योंकि कई बार सेक्स वर्कर बिना अधिकारियों की जानकारी के सार्वजनिक जगहों पर ग्राहकों से संपर्क कर लेते हैं। हालांकि थाईलैंड में वेश्यावृत्ति कानूनी रूप से अवैध है, फिर भी पट्टाया में यह इंडस्ट्री काफी बड़े पैमाने पर खुली हुई है।अच्छा, दूसरी तरफ पटाया के कारोबारियों और मेयर के चेहरे खिले हुए हैं। शहर की अर्थव्यवस्था लंबे समय से पर्यटन और मनोरंजन उद्योग पर टिकी है। पटाया के मेयर पोरामासे गंपिचेस का अनुमान है कि हर अमेरिकी सैनिक प्रतिदिन करीब 30 से 91 अमेरिकी डॉलर खर्च कर सकता है।इससे होटल, रेस्टोरेंट, बार और दुकानें चलाने वाले स्थानीय कारोबारियों को तगड़ा आर्थिक फायदा मिलने की उम्मीद है। चूंकि सैनिकों की छुट्टी एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग चरणों में होगी, इसलिए इसका फायदा कई दिनों तक मिलेगा।गौर करने वाली बात यह भी है कि पटाया और अमेरिकी सैनिकों का पुराना रिश्ता रहा है।





