देहरादून : उत्तराखंड में भी स्वाइन फ्लू के मामले आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के सीएमओ को आदेश दिए गए हैं कि जिला स्तर पर अस्पतालों में इंतजाम पुख्ता करें।दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा और केरल के बाद अब उत्तराखंड में भी स्वाइन फ्लू (इंफ्लुएंजा एच1एन1) के मामले सामने आए हैं। अगस्त के महीने में अब तक प्रदेशभर में 31 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। इसके अलावा इलाज के लिए एसओपी भी बनाई जा रही है।विभागीय अधिकारियों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 31 में से अधिकतर मरीज देहरादून के हैं। स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने जिला स्तर पर इसकी निगरानी बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग के राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. पंकज के मुताबिक सभी जिलों के सीएमओ को आदेश दिए गए हैं कि जिला स्तर पर अस्पतालों में इंतजाम पुख्ता करें। सभी सरकारी व निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को सख्त निर्देश देकर स्क्रीनिंग बढ़ाने के लिए कहा गया है। मरीज में स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण सामने आने पर ही उसकी आवश्यक तौर पर एलाइजा जांच सुनिश्चित कराई जा रही है।एकीकृत रोग निगरानी परियोजना (आईडीएसपी) की ओर से स्वाइन फ्लू के मामलों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए सभी जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय कर दिया गया है। जहां से भी चार से अधिक मामले सामने आएंगे, टीम वहां जाकर स्क्रीनिंग करेगी। टीम में चार स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया गया है। इसमें एक फिजिशियन और एक विशेषज्ञ के अलावा दो अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।





