देहरादून। सोशल मीडिया पर दोस्ती, प्यार और महंगे उपहारों का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह ने ठगी का नया जाल बिछा रखा है। इंस्टाग्राम पर विदेशी नागरिक, अमीर कारोबारी, डॉक्टर, पायलट या सैन्य अधिकारी बनकर महिलाओं से दोस्ती करना और फिर विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठना इस गिरोह का नया तरीका बन गया है। उत्तराखंड के हल्द्वानी में सामने आए ऐसे मामलों ने साइबर अपराध के इस खतरनाक नेटवर्क की कार्यप्रणाली उजागर की है। साइबर सेल में तैनात विशेषज्ञ एसआई बीएल कुशवाहा ने इस ठगी के तरीके का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए महिलाओं को निशाना बनाते हैं। पहले विदेशी नागरिक होने का दावा कर दोस्ती करते हैं। इसके बाद खुद को बेहद अमीर और प्रभावशाली व्यक्ति बताकर महिला का विश्वास जीतते हैं।





