नई दिल्ली, एजेंसी। दे सर्दियों की दस्तक के साथ राजधानी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने का दौर शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार अक्टूबर का महीना कई मायनों में अलग रहा. राजधानी में पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में अक्टूबर की सबसे साफ हवा दर्ज की गई. इसके अलावा 4 साल में सबसे ज्यादा बारिश हुई और 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन भी रिकॉर्ड किया गया. बारिश और ठंड के चलते हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला. दिल्ली में बारिश की वजह से कल शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट देखी गई.दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान में हल्के बादल रहेंगे और दिन में धूप निकलेगी. मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 नवंबर तक आसमान साफ होने और मौसम के स्थिर होने की संभावना है. वहीं आज शनिवार को दिन के दौरान 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.





