गोरखपुर : राहुल पटवा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मां गुड़िया देवी और बहन सुंदरी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अभी भी इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। इकलौते बेटे की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है। यूपी के गोरखपुर स्थित खोराबार थाना क्षेत्र के लालपुर टीकर गांव में सोमवार दोपहर बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। बारिश के दौरान पेड़ के नीचे रुके दोनों युवक अचानक बिजली की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर, शाहपुर थाना क्षेत्र के असुरन चौराहे के पास बिजली गिरने से 22 वर्षीय राहुल पटवा की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, खोराबार क्षेत्र के लालपुर टीकर के बिसबिगहा टोला निवासी रामसूरत यादव का बेटा शशिकांत यादव (30) और आशीष यादव का बेटा विकास (32) सोमवार दोपहर बाद गांव से बाहर टहलने गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों एक पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।राहुल पटवा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मां गुड़िया देवी और बहन सुंदरी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अभी भी इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। इकलौते बेटे की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है। रिश्तेदारों ने बताया कि राहुल के पिता मदन पटवा का निधन करीब तीन साल पहले हो चुका है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी राहुल के कंधों पर ही थी। वह दुकान चलाने के साथ-साथ ऑटो भी चलाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से टूट गया है।





