अल्मोड़ा। उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 3.61 लाख रुपये मूल्य के 14 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक तस्कर फेरी लगाने के नाम पर कपड़ों में गांजा छिपा कर ले जा रहा था।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेन्द्र पींचा के अनुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनायी जा रही है। इसी के तहत पहले मामले में भतरौजखान पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में भिकियासैण बसौट मार्ग पर छोटी घट्टी के पाास वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान मोटर साइकिल संख्या यूपी 21 सीएम 1957 को रोक कर जांच की गयी तो मोटर साइकिल सवार से 6.860 किग्रा गांजा बरामद हुआ। आरोपी सलीम निवासी ग्राम मंझरा बेरखेड़ा थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी कपड़ों की फेरी लगाता है और कपड़ों के बीच गांजा को छिपा कर मुरादाबाद ले जा रहा था। यह भी पता चला कि आरोपी बरामद गांजा को भिकियासैंण से लेकर आ रहा था।
इसी प्रकार एक अन्य मामले में सल्ट पुलिस ने दो मोटर साइकिल सवारों से 7.595 गांजा बरामद किया है। दोनों को मरचूला से गिरफ्तार किया गया है। दोनों मौलेखाल की ओर से आ रहे थे।
आरोपियों में कुलदीप निवासी ग्राम सोकर धाम कालोनी, पीरूमदारा, रामनगर और दिनेश कुमार निवासी मो0 जुलाहान, जसपुर, ऊधम सिंह नगर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सराईखेत से गांजा लेकर आ रहे थे और ऊंचे दामों में बेचने के लिये रामनगर ले जा रहे थे।





